लाभुक महिलाओं में असमंजस की स्थिति

पलामू : जिले की करीब 3.48 लाख लाभुक महिलाएं अब तक मंईयां योजना की 13वीं किस्त से वंचित हैं। करमा पर्व पर राज्य सरकार ने 12 जिलों के लिए राशि जारी कर दी थी, लेकिन पलामू जिले में भुगतान में देरी के कारण महिलाओं के खाते में पैसा नहीं पहुंचा है।
योजना की राशि न मिलने से ग्रामीण इलाकों में महिलाएं सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) से लेकर प्रखंड कार्यालय तक चक्कर काट रही हैं।

आवंटन की कमी बनी देरी की वजह

जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग निदेशक नीरज कुमार ने बताया कि आवंटन नहीं होने की वजह से भुगतान में देरी हो रही है। उनका कहना है कि जैसे ही आवंटन उपलब्ध होगा, लाभुकों के खाते में अगले सप्ताह तक राशि भेज दी जाएगी।

योजना से जुड़ी अब तक की किश्तें

अगस्त 2024 से दिसंबर 2024 के बीच जिले में क्रमशः 71,770, 3,41,895, 3,49,318, 3,56,724 और 3,72,937 महिलाओं को योजना की राशि भेजी गई थी।
मार्च 2025 में एक साथ 2,84,006 महिलाओं को तीन किश्तें दी गई थीं। जून 2025 में 3,49,080 और अगस्त में रक्षाबंधन के अवसर पर 3,48,291 महिलाओं को दो महीने की किस्त दी गई थी।

मंईयां योजना में लाभुकों की संख्या और खर्च

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पलामू जिले में हर महीने लगभग 87 करोड़ रुपये की राशि मंईयां योजना के अंतर्गत वितरित की जाती है। सितंबर 2025 तक जिले में लाभुकों की संख्या लगभग 3.50 लाख तक पहुंचने की संभावना है। इसमें डेढ़ से दो हजार नए नाम जुड़ सकते हैं।

दुर्गा पूजा और दीपावली से पहले नई किश्तें

राज्य सरकार ने घोषणा की है कि दुर्गा पूजा से पहले 14वीं किस्त और दीपावली व छठ से पहले 15वीं किस्त जारी की जाएगी। इससे लाभुक महिलाओं को समय पर आर्थिक सहयोग मिलने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version