पलामू: झारखंड के पलामू जिले में ईद की खुशियां एक दर्दनाक हादसे में बदल गईं। हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय युवक की काशी सोत डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, युवक ईद की नमाज अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशी सोत डैम घूमने गया था। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां मौजूद लोगों पर हमला कर बैठा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घबराकर डैम में कूदने से हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुमक्खियों से बचने के प्रयास में युवक घबराकर डैम में कूद गया। डैम का पानी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला और अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ईद के मौके पर जहां खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इस घटना ने माहौल को गमगीन कर दिया। मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और मुखिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। हालांकि, देर रात तक समझाने के बावजूद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
