जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बेशकीमती रत्न पन्ना (एमराल्ड) की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शनिवार शाम पीडब्ल्यूडी चौक के पास घेराबंदी कर करीब एक किलोग्राम पन्ना के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बरामद पन्ना की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुढ़ाकाटी गांव के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले का विस्तृत खुलासा रविवार को वरीय पुलिस अधिकारी प्रेस वार्ता के दौरान करेंगे।
सुबह हिरासत में लिए गए संदिग्ध से मिला सुराग
जानकारी के अनुसार पुलिस ने शनिवार सुबह पीडब्ल्यूडी चौक से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया था। उससे मिली जानकारी के आधार पर शाम को दो अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। उनके पास से करीब एक किलो पन्ना बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद पन्ना को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता ले जाकर किसी बड़े खरीदार तक पहुंचाने की योजना थी।
क्षेत्र में पन्ना और अन्य खनिजों का है भंडार
खान एवं भू-तत्व विभाग की पूर्व रिपोर्ट के अनुसार गुड़ाबांदा प्रखंड के ठुरकुगोड़ा, बारुणमुठी और बाउटिया की पहाड़ियों में पन्ना, नीलम और अभ्रक सहित बहुमूल्य खनिजों का भंडार मौजूद है। हालांकि अब तक इन क्षेत्रों की सरकारी स्तर पर खनन के लिए नीलामी नहीं हो सकी है।
सील खदानों से भी जारी है अवैध खनन
कुछ वर्ष पहले अवैध खनन के दौरान सुरंग धंसने से तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने खदानों को सील कर दिया था। इसके बावजूद बाहरी राज्यों के तस्करों के संरक्षण में अवैध खनन और तस्करी का कारोबार जारी रहने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि ताजा बरामदगी इस अवैध नेटवर्क की सक्रियता की ओर संकेत करती है।
