रांची: झारखंड के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे 1042 चयनित अभ्यर्थियों को अब सहायक आचार्य के पद पर नियुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को राजधानी रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

दोपहर एक बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे। शिक्षा विभाग के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सभी जिलों की जिला स्थापना समितियों ने अपनी अनुशंसा प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को भेज दी है, जिसके बाद नियुक्ति पत्र वितरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूलों में होगी नियुक्ति

इस चरण में पहली से पांचवीं कक्षा के लिए 274 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की जाएगी। वहीं छठी से आठवीं कक्षा के लिए 768 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।

सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों से उन सरकारी विद्यालयों को बड़ी राहत मिलेगी, जहां लंबे समय से शिक्षकों के पद रिक्त हैं। कई स्कूलों में एक या दो शिक्षकों के भरोसे पढ़ाई संचालित हो रही थी। नए शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार होने की उम्मीद है।

सामाजिक विज्ञान के सबसे अधिक शिक्षक होंगे नियुक्त

छठी से आठवीं कक्षा के लिए विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है। प्रत्येक विद्यालय में भाषा, गणित एवं विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षक तैनात किए जाएंगे।

विभाग के अनुसार भाषा विषय के 150, गणित एवं विज्ञान के 231 तथा सामाजिक विज्ञान के 387 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि विषयवार नियुक्ति से विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

पलामू में सबसे अधिक, रामगढ़ में सबसे कम नियुक्तियां

जिलावार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 123 शिक्षकों की नियुक्ति पलामू जिले में होगी। इसके अलावा गिरिडीह में 92, कोडरमा में 81, साहिबगंज में 63, पश्चिमी सिंहभूम में 61, देवघर में 59, दुमका में 54, गोड्डा में 53 और पाकुड़ में 51 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।

वहीं सबसे कम चार शिक्षकों की नियुक्ति रामगढ़ जिले में होगी। रांची में 36, खूंटी में 12, लोहरदगा में 11, गुमला में 27, सिमडेगा में 21, लातेहार में 41, गढ़वा में 34, पूर्वी सिंहभूम में 39, सरायकेला-खरसावां में 34, हजारीबाग में 15, धनबाद में 42, बोकारो में 24 और जामताड़ा में 39 शिक्षकों को नियुक्ति दी जाएगी।

26 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी

राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के लिए करीब 26 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं।

अब तक लगभग 12,500 शिक्षकों को नियुक्ति दी जा चुकी है। 29 जून को 1042 और अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी।

सरकार का कहना है कि शेष रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। शिक्षा विभाग का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version