रांची: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड पुलिस के 29 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग की ओर से जारी सूची में विशिष्ट सेवा, वीरता और सराहनीय सेवा के लिए चयनित पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं। सम्मान पाने वालों में तीन आईपीएस अधिकारी और पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पुलिस पदक
विशिष्ट सेवा के लिए जैप-1 में तैनात एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा।
वहीं, वीरता के लिए पांच पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है। इनमें लातेहार जिला के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के एएसआई प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं।
तीन आईपीएस समेत 23 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए चयनित 23 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों में तीन आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। इनमें आईजी रेल डॉ. माईकेलराज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस अन्नेपु विजयालक्ष्मी और डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा का नाम शामिल है।
इसके अलावा स्पेशल ब्रांच के डीएसपी नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय और आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी को भी सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।
एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं रांची जिला के एएसआई दीपक पुंज और सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो का नाम भी सम्मान पाने वालों की सूची में है।
पांच महिला पुलिसकर्मियों को भी मिलेगा सम्मान
पुलिस पदक पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो और प्रभा देवी तथा महिला हवलदार रंजिता कुजूर को सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।
इसके अलावा जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया को भी सम्मानित किया जाएगा। पुलिस विभाग की सूची में शामिल अन्य कर्मियों में एसटीएफ के हवलदार इकबाल, बिन्दराय मुंडरी और विजय थापा, गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह झारखंड पुलिस के उन अधिकारियों और कर्मियों की सेवाओं को सम्मानित करेगा, जिन्होंने अपने कर्तव्य के दौरान उत्कृष्ट सेवा, साहस और समर्पण का परिचय दिया है।
