पटना : बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। सीवान के बाद अब राजधानी पटना में पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप उर्फ बादल के रूप में हुई है, जिसने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।

बताया जा रहा है कि संदीप उर्फ बादल हाल ही में एक शिक्षक को गोली मारने की घटना में शामिल था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

शिक्षक को गोली मारने का था आरोप

जानकारी के मुताबिक, 13 मई 2026 की सुबह शिक्षक शंभू कुमार अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उन्हें गोली मार दी थी। घटना के बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इस मामले में पुलिस लगातार जांच और छापेमारी कर रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली कि शिक्षक पर हमला करने वाला आरोपी संदीप उर्फ बादल ट्रांसपोर्ट नगर के पास हाईवे से सटे गेल सीएनजी पेट्रोल पंप के समीप भगवत नगर इलाके में मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

एक और आरोपी गिरफ्तार

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और मौके पर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।

सीवान में भी हुआ था एनकाउंटर

इससे पहले रविवार देर रात सीवान जिले में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। जीरादेई थाना क्षेत्र के चर्चित जामापुर आभूषण दुकान लूटकांड के एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया गया था।

घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार वह 6 मई को हुई करीब 40 लाख रुपये की आभूषण लूटकांड में शामिल था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version