रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति से वीडियो कॉल पर कथित विवाद के बाद 28 वर्षीय नवविवाहिता सुमन कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनवरी में हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार सुमन कुमारी मूल रूप से जगन्नाथपुर की रहने वाली थीं। वह पिछले दो वर्षों से डोरंडा के मणिटोला निवासी एक टेंट हाउस व्यवसायी के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थीं। इसी वर्ष जनवरी में उनकी शादी हुई थी, जबकि उनके पति बेंगलुरु में काम करते हैं।
वीडियो कॉल के दौरान हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह सुमन की अपने पति से वीडियो कॉल पर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद सुमन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
पति को अनहोनी की आशंका होने पर उसने तुरंत रांची में सुमन के परिजनों को फोन कर घर पहुंचने के लिए कहा। परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा तो सुमन फंदे से लटकी मिलीं।
अस्पताल ले जाने से पहले हो चुकी थी मौत
परिजनों ने सुमन को तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
मोबाइल जब्त, डिजिटल साक्ष्यों की जांच
पुलिस ने जांच के लिए मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही बेंगलुरु में रह रहे पति को पूछताछ के लिए रांची बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
