रांची: झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ी पहल की है। पथ निर्माण विभाग ने घाघरा से नेतरहाट तक की सड़क को फोर-लेन टूरिज्म हाईवे के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इस परियोजना को नेतरहाट क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अहम माना जा रहा है।
परियोजना के तहत डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंसी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित एजेंसी सड़क की वर्तमान स्थिति, ट्रैफिक दबाव, भौगोलिक परिस्थितियों और आवश्यक भूमि का विस्तृत अध्ययन करेगी।
टनल निर्माण की भी संभावना
इस हाईवे को आधुनिक तकनीक और मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में टनल निर्माण की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है, जिससे यात्रा की दूरी कम होगी और सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा।
मौजूदा सड़क में कई चुनौतियां
घाघरा से नेतरहाट तक का वर्तमान मार्ग कई जगहों पर संकरा और घुमावदार है। यह सड़क गुमला, लोहरदगा और नेतरहाट को जोड़ती है, जहां बढ़ते ट्रैफिक के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पहाड़ी चढ़ाई वाले हिस्सों में भारी वाहनों का संचालन भी चुनौतीपूर्ण बना रहता है।
आधुनिक सुविधाओं से होगा विकास
परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के साथ सुरक्षित मोड़, टनल और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। चयनित एजेंसी को 90 दिनों के भीतर फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डीपीआर तैयार कर विभाग को सौंपना होगा।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सरकार इस परियोजना को पर्यटन के लिए गेमचेंजर मान रही है। सड़क के बेहतर होने से नेतरहाट में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

