रांची: राजधानी रांची में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी। तीन दिवसीय इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 5,05,524 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान 28 जून से 30 जून तक जिलेभर में चलाया जाएगा।
3,893 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 3,893 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए 7,786 बूथ टीम सदस्यों की तैनाती की गई है। वहीं, अभियान की निगरानी के लिए 571 सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं।
अभिभावकों से की गई सहयोग की अपील
सिविल सर्जन ने “हर बच्चा, हर बार” के संकल्प को दोहराते हुए सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर “दो बूंद जिंदगी की” अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना बेहद आवश्यक है।
जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सिविल सर्जन ने पल्स पोलियो जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को अभियान की जानकारी देगा और बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर डीआरसीएचओ डॉ. असीम कुमार मांझी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

