रांची/कोलकाता: अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति सत्र 2025-27 की द्वितीय महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कोलकाता स्थित केंद्रीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता ने किया।
बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सर्राफ, झारखंड से प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल एवं राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य संतोष कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न प्रांतों के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
झारखंड ने सदस्यता अभियान में मारी बाजी
बैठक के दौरान झारखंड प्रांत की ओर से प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें सदस्यता अभियान की उपलब्धियों, सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों तथा जनसेवा कार्यों की जानकारी दी गई।
विशेष रूप से, देशभर में चल रहे सदस्यता अभियान के तहत झारखंड प्रांत ने 876 नए सदस्य जोड़कर पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से झारखंड प्रांत का अभिनंदन किया।
सामाजिक गतिविधियों और आयोजनों की सराहना
रिपोर्ट में मारवाड़ महोत्सव जैसे बड़े आयोजनों, समाज सेवा कोष जैसी पहल और समाज के जनप्रतिनिधियों के सम्मान कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया गया। इसके साथ ही महापंचायत गठन की प्रक्रिया और हाल ही में आयोजित संस्कार एवं शुचिता विषयक संगोष्ठी की जानकारी भी साझा की गई।
राजस्थान महोत्सव के लिए आमंत्रण
बैठक में 17, 18 और 19 मई को पूर्वी सिंहभूम जिले में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजस्थान महोत्सव के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया गया।
झारखंड में अगली बैठक का प्रस्ताव
बैठक के अंत में झारखंड प्रांत की ओर से आगामी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को झारखंड में आयोजित करने के लिए सभी केंद्रीय पदाधिकारियों को आमंत्रण दिया गया।
यह बैठक संगठन की एकता, सक्रियता और समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रही। इसकी जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
