धनबाद : महुदा थाना क्षेत्र के कुलटांड मुख्य सड़क किनारे झाड़ियों में 65 वर्षीय शेख हलीम का गर्दन कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही महुदा पुलिस और विशेष जांच दल सक्रिय हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

मामले का खुलासा करते हुए बाघमारा के डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने महुदा थाना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पूरी घटना की जानकारी दी।

संपत्ति विवाद और देखभाल को लेकर था तनाव

डीएसपी ने बताया कि मृतक शेख हलीम को अपने बेटे से देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर शिकायत रहती थी। बताया जाता है कि वह कई बार अपने बेटे को संपत्ति से बेदखल करने की बात कह चुके थे।

पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर बेटे ने अपने कुछ दोस्तों और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कथित रूप से पिता की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलाया।

झाड़ियों में मिला था गर्दन कटा शव

शनिवार को महुदा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुलटांड मुख्य सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और शव की पहचान भूरूंगिया निवासी शेख हलीम के रूप में की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच तेज कर दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

घटनास्थल से मिला खून लगा टी-शर्ट

पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से कथित आरोपी शेख शहजाद का खून लगा टी-शर्ट बरामद किया गया है। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले मोटरसाइकिल संख्या JH10CL-7623 को भी जब्त कर लिया गया है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version