Ranchi : कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड पर्यटन विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की तैयारी तेज हो गई है। इस संबंध में झारखंड सरकार और एमएस धोनी के बीच जल्द ही एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
दो दिन पहले ही धोनी की हेमंत सोरेन से मुलाकात हुई थी, जिसकी तस्वीर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की थी। इसी मुलाकात के बाद इस पहल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

झारखंड पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने एमएस धोनी को ब्रांड एंबेसडर बनने का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर उन्होंने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। अब औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

पर्यटन विभाग का मानना है कि धोनी की वैश्विक लोकप्रियता के जरिए झारखंड के प्राकृतिक पर्यटन स्थल, जलप्रपात, पहाड़, वन क्षेत्र और आदिवासी संस्कृति को व्यापक पहचान मिलेगी। योजना के तहत राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर एमएस धोनी के साथ प्रोमोशनल वीडियो शूट किए जाएंगे, जिन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय प्रचार अभियानों में प्रसारित किया जाएगा।

रांची निवासी एमएस धोनी का झारखंड टूरिज्म का चेहरा बनना न सिर्फ राज्य की ब्रांड वैल्यू को मजबूत करेगा, बल्कि राज्यवासियों के लिए भी यह गर्व का विषय होगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version