रांची : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है और भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को राज्य के 10 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र अब बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया है, जिसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिल रहा है।

किन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार संताल परगना, गिरिडीह, हजारीबाग, धनबाद, कोडरमा, चतरा, बोकारो, देवघर, दुमका और जामताड़ा जिलों में आज भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में गढ़वा में सबसे अधिक 185 मिमी बारिश दर्ज की गई। रामगढ़ में 45 मिमी, धनबाद में 32 मिमी और राजधानी रांची में 8.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

येलो अलर्ट के बीच प्रशासन की अपील

येलो अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। निम्न इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। वहीं, बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की हिदायत भी दी गई है।

कब मिलेगी बारिश से राहत

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से रांची और आसपास के इलाकों में मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि उत्तरी और पूर्वी झारखंड के जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version