रांची: चार माह से मानदेय का इंतजार कर रहे रांची नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों के लिए राहत भरी खबर है। नगर विकास विभाग ने पुराने मानदेय की दर पर भुगतान की मंजूरी दे दी है। इसके तहत मार्च से जुलाई तक का चार माह का बकाया मानदेय एक सप्ताह के भीतर एकमुश्त उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा।
पुराने मानदेय की दर पर होगा भुगतान
विभाग की मंजूरी के अनुसार, मेयर को प्रति माह 10 हजार रुपये, डिप्टी मेयर को 9 हजार रुपये और पार्षदों को 7 हजार रुपये की दर से मानदेय का भुगतान किया जाएगा। वहीं, मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर विभागीय स्तर पर अलग से विचार किया जाएगा।
मार्च से नहीं मिला था मानदेय
रांची नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और 53 वार्डों के पार्षदों ने 19 मार्च 2026 को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। इसके बाद से सभी जनप्रतिनिधि नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वार्डों में विकास कार्यों की निगरानी, आम लोगों की समस्याओं का समाधान, योजनाओं का निरीक्षण और नगर निगम बोर्ड की बैठकों में भागीदारी के बावजूद अब तक उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया था।
नई दर के प्रस्ताव पर अभी फैसला बाकी
दरअसल, पिछला नगर निगम बोर्ड भंग होने के साथ ही पूर्व जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त हो गया था। नई परिषद के गठन के बाद मानदेय की नई दर तय करने के लिए नगर निगम ने प्रस्ताव नगर विकास विभाग को भेजा था। हालांकि, इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में विभाग ने फिलहाल पुराने मानदेय की दर पर भुगतान की स्वीकृति प्रदान की है, ताकि जनप्रतिनिधियों का लंबित मानदेय जल्द जारी किया जा सके।

