डेस्क: जुलाई महीने की शुरुआत के साथ देशभर में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गए हैं। इनका सीधा असर आम लोगों की जेब, यात्रा, बैंकिंग और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। एक ओर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और कुछ निजी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर नई कार खरीदना महंगा हो गया है। इसके अलावा आधार, क्रेडिट कार्ड और पासपोर्ट से जुड़े कई नए नियम भी 1 जुलाई से प्रभावी हो गए हैं।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता

जुलाई की शुरुआत राहत भरी खबर के साथ हुई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये तक की कटौती की है।

नई दरों के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,930 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 3,081.50 रुपये, लखनऊ में 3,052.50 रुपये और पटना में 3,227 रुपये निर्धारित की गई है।

हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

विमान ईंधन भी हुआ सस्ता

हवाई ईंधन की कीमतों में भी कमी की गई है। एयर टर्बाइन ईंधन की कीमत घटाकर 1.10 लाख रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई है, जिससे एयरलाइन कंपनियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

कुछ निजी पेट्रोल पंपों पर सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल

निजी ईंधन विक्रेता कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है।

1 जुलाई से कंपनी के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता मिल रहा है। कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट को इसका प्रमुख कारण बताया है।

आधार में ईमेल अपडेट करना हुआ मुफ्त

आधार कार्ड धारकों के लिए भी राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार ऐप के माध्यम से ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा निशुल्क कर दी है।

पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये शुल्क देना पड़ता था, जबकि अब यह सुविधा बिना किसी शुल्क के उपलब्ध होगी।

कार खरीदना पड़ेगा महंगा

जुलाई से कई वाहन कंपनियों ने अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है।

किआ ने अपने विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। वहीं टाटा मोटर्स ने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक इजाफा किया है।

पासपोर्ट और क्रेडिट कार्ड नियमों में भी बदलाव

1 जुलाई से सामान्य और तत्काल पासपोर्ट की सेवा शुल्क में भी बढ़ोतरी लागू हो गई है।

इसके अलावा एसबीआई कार्ड ने कुछ क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। वहीं एचडीएफसी बैंक के चुनिंदा क्रेडिट कार्ड धारकों को अब प्रत्येक कैलेंडर तिमाही में अधिकतम तीन बार मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए पिछले कैलेंडर तिमाही में कार्ड से कम से कम 60,000 रुपये का खर्च करना अनिवार्य होगा।

रेलवे में भी बदलाव की तैयारी

रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय रेलवे बिना टिकट यात्रा करने वालों पर जुर्माने की राशि बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version