पटना : बिहार में नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव संजय कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को वित्त विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

एच. आर. श्रीनिवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से स्थानांतरित करते हुए समाज कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं संतोष कुमार मल्ल को जल संसाधन विभाग से हटाकर आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को पर्यटन विभाग का सचिव बनाया गया है। हालांकि उनके पास विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा।

कुमार रवि को मुख्यमंत्री सचिवालय से स्थानांतरित कर स्वास्थ्य विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास संसदीय कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

अजय यादव को ऊर्जा विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही वह मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

संजय कुमार सिंह को वाणिज्य कर विभाग से स्थानांतरित कर वित्त विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी रहेंगी।

प्रणव कुमार को कला एवं संस्कृति विभाग से भवन निर्माण विभाग भेजा गया है, जबकि मनोज कुमार सिंह को स्थानिक आयुक्त, बिहार भवन नई दिल्ली की जिम्मेदारी दी गई है।

चंद्रशेखर सिंह को जल संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

इसके अलावा रजनीश कुमार सिंह को महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएं के पद पर पदस्थापित किया गया है।

बिहार पुलिस प्रशासन में भी बड़ा फेरबदल

बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में भी व्यापक बदलाव करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार साइबर अपराध, आर्थिक अपराध, रेलवे, प्रशिक्षण, तकनीकी सेवाएं और विधि-व्यवस्था जैसे अहम विभागों में नई नियुक्तियां की गई हैं।

सरकार के इस कदम को पुलिस प्रशासन को अधिक तकनीक आधारित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इन IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

नव प्रोन्नत पुलिस महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना को महानिदेशक-सह-आयुक्त, असैनिक सुरक्षा बनाया गया है। वहीं निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।

सुधांशु कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक, विधि-व्यवस्था नियुक्त किया गया है। उनके पास यातायात विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

डॉ. अमित कुमार जैन को आर्थिक अपराध इकाई का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। नैयर हसनैन खान को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में तैनात किया गया है।

डॉ. कमल किशोर सिंह को रेलवे का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वहीं अजिताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चर्चित आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को तकनीकी सेवाएं एवं संचार विभाग का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का दायित्व दिया गया है।

इसके अलावा विकाश वैभव को मगध क्षेत्र, गया का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। क्षत्रनील सिंह को गृह विभाग की विशेष शाखा में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

रंजीत कुमार मिश्रा को अपराध अनुसंधान विभाग में पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है, जबकि संजय कुमार को विशेष शाखा, बिहार पटना का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version