रामगढ़ : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में चर्चित शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पहले सात आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी नाजमा खातुन और दामाद शहनवाज हुसैन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाए गए सोने और चांदी जैसे जेवरात बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद डकैती कांड की जांच को लेकर पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।

21 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई थी डकैती

रामगढ़ एसपी मुकेश लुणायत ने बताया कि 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3:40 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित एनएच-23 पर शिव शंकर ज्वेलर्स दुकान में दिनदहाड़े डकैती की घटना हुई थी।

घटना के बाद दुकान संचालक विष्णु प्रसाद के फर्दबयान पर रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी और स्थानीय कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 अप्रैल को सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी

पुलिस ने पहले की कार्रवाई में लूटे गए करीब 180 सामान, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन दोपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए थे।

इसके बावजूद पुलिस लगातार बाकी आरोपियों और लूटे गए जेवरात की तलाश में छापेमारी कर रही थी।

गुप्त सूचना पर हुई नई कार्रवाई

10 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद जांच टीम मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका के परिवार तक पहुंची। पुलिस ने उसकी पत्नी नाजमा खातुन और दामाद शहनवाज हुसैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नाजमा खातुन के घर में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए जेवरात बरामद किए।

क्या-क्या हुआ बरामद

पुलिस ने बरामदगी के दौरान एक सोने जैसा हार और दो झुमके के अलावा बड़ी संख्या में चांदी जैसे कंगन, चूड़ियां और अंगूठियां जब्त की हैं।

बरामद सामान में करीब 49 ग्राम सोने जैसी धातु और लगभग 1350 ग्राम चांदी जैसे आभूषण शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 134 पीस जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनमें डिजाइनर चूड़ियां, कंगन और अंगूठियां शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि इस डकैती कांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। साथ ही लूट के बाकी सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version