चाईबासा : चाईबासा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला दंडाधिकारी के मार्गदर्शन में गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।

9 मामले दर्ज, 4 आरोपी गिरफ्तार

अभियान के दौरान कुल 9 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 5 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

गुवा क्षेत्र में अवैध शराब बरामद

गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, बड़ा जामुदा और कल्याण नगर में छापेमारी के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। यहां से करीब 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की गई।

मंझारी में आरोपी फरार

मंझारी थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में छापेमारी के दौरान 9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि इस मामले में आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

चक्रधरपुर में दो गिरफ्तार

चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दण्डासाई और बाराकुली इलाके में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

झींकपानी में अवैध भट्ठियां ध्वस्त

झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान करीब 80 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी आरोपियों पर उत्पाद अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version