बोकारो: रील बनाने का शौक बोकारो में एक छात्र के लिए जानलेवा साबित हुआ। रेलवे के प्रतिबंधित हंप यार्ड में वीडियो बनाने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।

रील बनाते समय हुआ हादसा

घटना चास निवासी अभिमन्यु बनर्जी से जुड़ी है, जो अपने दोस्तों के साथ खाली रेल ऑयल टैंकर पर चढ़कर वीडियो बना रहा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को नजरअंदाज कर बैठा। जैसे ही उसने हाथ ऊपर उठाया, वह करीब 25 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

दोस्त को बचाने में गई जान

अभिमन्यु को तड़पता देख उसका 16 वर्षीय दोस्त कौशिक शर्मा उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी उसी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि कौशिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभिमन्यु गंभीर हालत में पटरियों के बीच गिर पड़ा।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कौशिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिमन्यु का इलाज जारी है।

सात छात्र पहुंचे थे प्रतिबंधित क्षेत्र में

जानकारी के अनुसार, कुल सात छात्र रेलवे के प्रतिबंधित हंप यार्ड में रील और सेल्फी बनाने गए थे। यह क्षेत्र आम लोगों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है।

रेलवे सुरक्षा बल की अधिकारी अरुणा उरांव ने बताया कि घटना के बाद बाकी पांच छात्रों से पूछताछ की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जांच का मुख्य विषय यह है कि छात्र प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version