रामगढ़ : जिले के सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र में शनिवार को अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बंद पड़ी भूमिगत खदान के विपरीत काजू बगान जंगल क्षेत्र में कोयला निकालने गए चार युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खदान के भीतर ऑक्सीजन की भारी कमी और जहरीली गैसों की मौजूदगी के कारण चारों युवक बाहर नहीं निकल सके।

अवैध खदान में कोयला निकालने गए थे युवक

जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब नौ बजे चार युवक अवैध रूप से बनाए गए खदाननुमा गड्ढे में कोयला निकालने के लिए उतरे थे। लगभग 30 फीट गहरे गड्ढे में प्रवेश करने के बाद वे अंदर ही फंस गए। काफी समय तक बाहर नहीं निकलने पर आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और इसकी सूचना सीसीएल अधिकारियों को दी गई।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही सीसीएल अरगड्डा के सुरक्षा पदाधिकारी रमेश कुमार और एरिया क्वालिटी मैनेजर एस.एन. तिवारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद माइंस रेस्क्यू टीम और गिद्दी अस्पताल को सूचना दी गई।

माइंस सुपरिटेंडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहीं गिद्दी अस्पताल से डॉ. सागर कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय मेडिकल टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई।

घंटों की मशक्कत के बाद निकाले गए चारों युवक

रेस्क्यू टीम ने खदान के भीतर अत्यंत कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान सिरका बुधबाजार निवासी किशोर और आशीष तथा टोंगी निवासी देवा और डब्लू के रूप में हुई।

युवकों को बाहर निकालने के बाद चिकित्सकों ने उनकी जांच की। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें रांची रोड स्थित अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

खदान के भीतर बेहद खतरनाक था माहौल

माइंस रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने बताया कि खदान के ऊपरी हिस्से में ऑक्सीजन का स्तर करीब नौ प्रतिशत था, जबकि लगभग 30 फीट नीचे यह घटकर मात्र दो प्रतिशत रह गया था। जांच के दौरान खदान के भीतर कार्बन डाइऑक्साइड सहित अन्य जहरीली गैसों की मौजूदगी भी पाई गई।

विशेषज्ञों के अनुसार इतनी कम ऑक्सीजन और जहरीली गैसों के बीच कुछ ही मिनटों में व्यक्ति बेहोश हो सकता है, जिससे उसकी जान जाने का खतरा बढ़ जाता है।

मौके पर पहुंची पुलिस, परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय और कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी की और आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। जैसे-जैसे शव बाहर निकाले गए, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल छा गया।

फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। साथ ही अवैध कोयला खनन की गतिविधियों को लेकर भी जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version