लातेहार: महुआडांड़ स्थित जामिया नूरिया जियाउल इस्लाम जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी के सदर, सेक्रेटरी और खजांची पद के लिए शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव के दौरान मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।

650 में से 472 मतदाताओं ने किया मतदान

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मदरसा परिसर में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतदान हुआ। चुनाव समिति के अनुसार कुल 650 मतदाताओं में से 472 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार लगभग 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना पूरी होने के बाद रात 9:00 बजे परिणाम घोषित किए गए।

रेहान अली निर्विरोध बने सदर

सदर पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी के बाद रेहान अली, पिता रहमत अली, महुआडांड़ को निर्विरोध सदर घोषित किया गया।

सेक्रेटरी पद पर अब्दुल मतीन की बड़ी जीत

सेक्रेटरी पद के लिए इस्तियाक अहमद और अब्दुल मतीन उर्फ गुड्डू के बीच सीधा मुकाबला हुआ। कुल 472 मतों में से 12 मत अमान्य घोषित किए गए। मतगणना में इस्तियाक अहमद को 144 वोट मिले, जबकि अब्दुल मतीन उर्फ गुड्डू को 316 मत प्राप्त हुए। इस तरह अब्दुल मतीन ने 172 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

सुहेल अख्तर बने खजांची

खजांची पद के लिए खुर्शीद आलम और सुहेल अख्तर के बीच मुकाबला हुआ। इस पद पर पड़े 472 मतों में से 10 मत अमान्य रहे। खुर्शीद आलम को 125 और सुहेल अख्तर को 337 वोट मिले। सुहेल अख्तर ने 212 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर खजांची पद पर कब्जा जमाया।

जीत के बाद समर्थकों में खुशी

परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर जीत का जश्न मनाया।

चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में चुनाव समिति के सदस्य खुर्शीद अहमद, सफरुल खान, असलम खलीफा, सबीब खान, कमाल अहमद, खुर्शीद खान और शहीद खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति ने सभी मतदाताओं एवं स्थानीय लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पूरे चुनाव के दौरान आपसी भाईचारा, अनुशासन और सौहार्द का माहौल बना रहा।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version