जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि जनता दल (यूनाइटेड) महिला मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों को महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती और गंभीरता के साथ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सवालों पर सशक्त पहल से न केवल संगठन मजबूत होगा, बल्कि समाज का भी व्यापक हित होगा।
बिष्टुपुर स्थित अपने आवास/कार्यालय में जदयू महिला मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरयू राय ने कहा कि सप्ताह में किसी एक मुद्दे को चुनकर उस पर गंभीरता से काम करने का सकारात्मक परिणाम अवश्य दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह सोशल मीडिया का दौर है, जहां सही काम और सही संदेश बहुत तेजी से लोगों तक पहुंचता है।
सरयू राय ने महिला पदाधिकारियों से अपील की कि जिन महिलाओं की सोच पार्टी की विचारधारा से मेल खाती है, उन्हें संगठन से जोड़ा जाए। यही महिलाएं धीरे-धीरे पार्टी की ताकत बनेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि हर समय 24 घंटे सक्रिय रहने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन किसी बड़े मुद्दे पर पूरी ताकत के साथ काम करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने परिवार और सामाजिक संतुलन बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी जिस क्षेत्र में रहती हैं, वहां लोगों को यह स्पष्ट पता होना चाहिए कि वे जदयू से जुड़ी हैं। यदि कोई महिला या नागरिक अपनी समस्या साझा करता है, तो उसे यह विश्वास होना चाहिए कि उसकी बात संगठन और नेतृत्व तक जरूर पहुंचेगी।
इससे पहले जदयू महिला मोर्चा की कोल्हान प्रभारी मंजू सिंह और जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा यादव ने भी संगठन को मजबूत करने को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, पूर्वी सिंहभूम महिला मोर्चा अध्यक्ष अमृता मिश्रा, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह सहित ममता सिंह, पुतुल सिंह, सपना टांडी, पूजा महानंद, सविता महानंद, रीना डे, जया, कविता मिश्रा, रिंकी, मलिका समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
