लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय की रहने वाली आशिका मिंज ने छात्र हित से जुड़े मुद्दों को राज्य स्तर पर उठाकर क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य मनीना कुजूर की पुत्री आशिका ने हाल ही में राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति एवं उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य सोनू से मुलाकात कर छात्रों से जुड़ी कई समस्याओं को उनके सामने रखा।

समय पर स्नातक सत्र संचालित कराने की मांग

मुलाकात के दौरान आशिका मिंज ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई के सत्र को समय पर संचालित कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सत्र में देरी का सीधा असर विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर पड़ता है।

आशिका ने विश्वविद्यालय से जुड़े कई महाविद्यालयों की जर्जर भवन व्यवस्था, टेबल-बेंच की कमी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग

आशिका ने झारखंड में आगामी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके।

मंत्री ने दिया समस्या समाधान का आश्वासन

मंत्री सुदिव्य सोनू ने आशिका की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

क्षेत्र में हो रही पहल की सराहना

आशिका मिंज की इस पहल की महुआडांड़ क्षेत्र में सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की बेटी ने शिक्षा, कॉलेजों की बुनियादी सुविधाओं और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राज्य स्तर पर उठाकर विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती देने का प्रयास किया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version