गिरिडीह : गिरिडीह के मोहनपुर स्थित केंद्रीय कारा में शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। कार्रवाई जिलाधिकारी रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के नेतृत्व में की गई।

करीब दो घंटे तक चली इस छापेमारी में लगभग 45 अधिकारी और डेढ़ सौ से अधिक पुलिस जवान शामिल रहे। तलाशी अभियान के दौरान पुरुष बंदियों के पांचों ब्लॉक के 20 वार्डों के साथ महिला वार्ड की भी गहन जांच की गई।

अलग-अलग टीम बनाकर हुई तलाशी

जानकारी के अनुसार रात करीब 10:45 बजे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस जवानों की टीम केंद्रीय कारा पहुंची। इसके बाद अलग-अलग टीम बनाकर एक-एक वार्ड की तलाशी शुरू की गई।

पुरुष वार्डों की जांच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने की, जबकि महिला वार्ड में महिला अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों को लगाया गया था।

सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया गया जायजा

छापेमारी के दौरान सिर्फ वार्डों की तलाशी ही नहीं ली गई, बल्कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने संतरी की तैनाती, ड्यूटी व्यवस्था, बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया, पानी की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ बिमल कुमार और एसडीएम श्रीकांत विस्पुते ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी निरीक्षण किया।

कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए।

एसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी

एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि केंद्रीय कारा का औचक निरीक्षण किया गया है। करीब दो घंटे तक सभी ब्लॉक और वार्डों की तलाशी ली गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया गया।

कई अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद

इस कार्रवाई में एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, दंडाधिकारी बिनोद सिंह, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान, बीडीओ गणेश रजक और सीओ जितेंद्र प्रसाद समेत कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे।

वहीं पुलिस टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत कई थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version