रांची: राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने निजाम नगर मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वाहन मालिकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

कई वाहनों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात बदमाश सड़क किनारे खड़े वाहनों के पास पहुंचे और एक-एक कर कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। क्षतिग्रस्त वाहनों में हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो, सूमो समेत अन्य वाहन शामिल हैं।

सुबह जब वाहन मालिक अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे तो उनके शीशे टूटे मिले। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

डीएसपी की कार पर भी हमला

पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने एक डीएसपी स्तर के अधिकारी की कार को भी निशाना बनाया और उसका शीशा तोड़ दिया। लगातार कई वाहनों में तोड़फोड़ की इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version