कोडरमा : रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। अमृत भारत योजना के तहत कोडरमा स्टेशन समेत लोकसभा क्षेत्र के कई रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों को तेज किया जा रहा है। इसी को लेकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने धनबाद रेल मंडल के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की।
नए गेस्ट हाउस में हुई समीक्षा बैठक
कोडरमा स्टेशन स्थित नए गेस्ट हाउस में आयोजित इस बैठक में बरकट्ठा विधायक अमित यादव, धनबाद रेल मंडल के डीआरएम और रेलवे निर्माण से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं और चल रही परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री ने कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों की मौजूदा सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कोडरमा स्टेशन
अमृत भारत योजना के तहत कोडरमा स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। यहां एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से युक्त नया भवन तैयार किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर और अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
फ्रेट कॉरिडोर और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
बैठक में कोडरमा होकर गुजरने वाली फ्रेट कॉरिडोर परियोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने तथा क्षेत्रीय विकास को गति देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।
कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से जुड़े कई प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए थे, जिनमें से कई को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि कुछ प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल स्टेशन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना भी है। आने वाले समय में इन योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों को मिलेगा।
