झारखंड सहित पूरे देश में 28 मई को बकरीद का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोडरमा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने गुरुवार को जिले के कई संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

एसपी ने कोडरमा थाना क्षेत्र के जलवाबाद, पाण्डेयडीह, छतरबर तथा तिलैया थाना क्षेत्र के करमा, गोमो, भादोडीह समेत अन्य इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की जांच

निरीक्षण के दौरान एसपी ने धार्मिक स्थलों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्ती, पेट्रोलिंग और सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि बकरीद पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि पर्व तक जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार भ्रमण और निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

अफवाहों से बचने की अपील

एसपी ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और सतर्क है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने की भी अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version