रांची: भगवान जगन्नाथ रथयात्रा और मेले के मद्देनजर रांची ट्रैफिक पुलिस ने आज से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। साथ ही प्रमुख सड़कों पर वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध भी रहेगा।

विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बिरसा चौक की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन शहीद मैदान में पार्क करेंगे। वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है।

रिंग रोड से मेला क्षेत्र या शहर की ओर आने वाले भारी और हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसके अलावा तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में भी पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

इन मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री

रथयात्रा मेले के दौरान निम्नलिखित मार्गों पर कार, ऑटो, सवारी वाहन और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा—

  • तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर
  • शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर
  • प्रभात तारा मैदान तीनमुहान से जगन्नाथपुर बाजार

इन वैकल्पिक मार्गों से होगी वाहनों की आवाजाही

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।

  • बिरसा चौक से रिंग रोड जाने वाले वाहनों को सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक के रास्ते भेजा जाएगा।
  • एचईसी और विधानसभा क्षेत्र से रिंग रोड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

रांची ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि रथयात्रा मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version