खूंटी : खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 17 मई की रात सायको गांव में आयोजित छऊ नृत्य मेला देखने के लिए विशाल पाहन (17) और सुशी मुंडू (17) गए थे। इसी दौरान दोनों युवकों की हत्या कर दी गई थी।
पत्थर से हमला कर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले दोनों युवकों पर पत्थर से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शवों को सायको गांव स्थित मरासूक पहाड़ में छिपा दिया गया था।
घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।
विशेष जांच टीम बनाकर शुरू हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया। टीम ने लगातार छापेमारी, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि आपसी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दुरजन मांकरी, गोमेया सोय और बुचराम सोय को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी सायको थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून लगा टांगी, चप्पल, मिट्टी और कपड़े बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ खूंटी मंगल सिंह जांगड़ा, इंस्पेक्टर विनय राय, थाना प्रभारी प्रसाद पांडेय समेत सायको थाना की टीम शामिल रही।

