त्रिशूर: केरल के त्रिशूर स्थित केरल कृषि विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार तड़के एक पीएचडी छात्र का शव तालाब से मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान किशोर कुमार गौड़ा (25) के रूप में हुई है। वह कर्नाटक का निवासी था और केरल कृषि विश्वविद्यालय के सब्जी विज्ञान विभाग में प्रथम वर्ष का पीएचडी छात्र था। वह विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
तालाब से निकाला गया शव
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12:05 बजे से 1:00 बजे के बीच विश्वविद्यालय परिसर स्थित फ्रूट क्रॉप्स रिसर्च स्टेशन के एक तालाब में छात्र के होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची अग्निशमन एवं बचाव सेवा की टीम ने उसे तालाब से बाहर निकाला और तत्काल त्रिशूर जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने रात 2:50 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज
छात्रावास के सहायक वार्डन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
ड्रैगन फ्रूट तोड़ने गया था छात्र
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि किशोर कुमार गौड़ा परिसर में ड्रैगन फ्रूट तोड़ने के लिए बाहर गया था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के बेंगलुरु से पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
