लखनऊ: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने भारतीय सेना के शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सैनिकों की राष्ट्रनिष्ठा, पराक्रम और बलिदान का अमर प्रतीक है।

मुख्यमंत्री योगी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी अमर वीरों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

भाजपा नेताओं ने शहीदों के पराक्रम को किया याद

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 1999 में ऑपरेशन विजय के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने अद्वितीय साहस और पराक्रम का परिचय देकर देश की सीमाओं की रक्षा की और भारत का गौरव बढ़ाया। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कारगिल के वीर सैनिकों की वीरता और बलिदान को नमन किया।

कांग्रेस और सपा ने भी दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल की बर्फीली चोटियों पर अपने खून से तिरंगा फहराने वाले अमर जवानों का बलिदान देशवासियों को सदैव राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।

समाजवादी पार्टी ने भी कारगिल विजय दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए युद्ध में शहीद हुए सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए अविस्मरणीय बताया।

26 जुलाई को मनाया जाता है कारगिल विजय दिवस

हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने इसी दिन ऑपरेशन विजय की सफलता की घोषणा की थी। लगभग तीन महीने तक चले संघर्ष में भारतीय सेना ने कारगिल की ऊंची चोटियों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर निर्णायक विजय हासिल की थी। इस युद्ध में भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस6 और बलिदान को याद करते हुए पूरे देश में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version