रांची: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के पराक्रम, बलिदान और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च समर्पण का अमर प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस गौरवपूर्ण अवसर पर वह कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी अमर वीर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति भी गहरी संवेदना और सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनके त्याग, धैर्य और साहस ने भी देश की विजय में अमूल्य योगदान दिया है।

वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों को किया नमन

हेमंत सोरेन ने देश की सीमाओं की रक्षा में सदैव तत्पर रहने वाले वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों को भी सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों के अदम्य पराक्रम, त्याग और बलिदान ने देश की अस्मिता और सम्मान की रक्षा की है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अमिट आदर्श स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति पूरे देश की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version