रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी को मामले में कई अहम सुराग और साक्ष्य मिले हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से करीब नौ घंटे तक लंबी पूछताछ की गई। पूछताछ समाप्त होने के बाद देर शाम उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई। जांच की प्रगति को देखते हुए अब पीटी परीक्षा रद्द किए जाने की संभावना भी तेज होती नजर आ रही है।

ओएमआर शीट में गड़बड़ी के मिले संकेत

सीआईडी की जांच में ओएमआर शीट से जुड़ी अनियमितताओं के महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं। जांच के दौरान गिरफ्तार सुमन सौरभ द्वारा कथित तौर पर गलत तरीके से पीटी परीक्षा पास करने की बात स्वीकार करने के बाद परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों को बल मिला है। इसी आधार पर एजेंसी अब पूरे परीक्षा संचालन की विस्तृत जांच कर रही है।

अधिकांश सवालों पर चुप रहे एल. खियांग्ते

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी अधिकारियों ने एल. खियांग्ते से भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, चयन प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़ी निजी एजेंसी की भूमिका को लेकर कई सवाल किए। उनसे यह भी पूछा गया कि ओएमआर शीट निजी एजेंसी टीडीपीएल के कार्यालय तक कैसे पहुंची, उनमें कथित गड़बड़ी कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। हालांकि, पूछताछ के दौरान उन्होंने अधिकांश सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

अभ्यर्थियों से मंगाई जा रही ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी

सीआईडी द्वारा जारी नोटिस के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी जांच एजेंसी को भेज रहे हैं। इन दस्तावेजों के परीक्षण के दौरान कई मामलों में कथित विसंगतियां सामने आने की बात कही जा रही है। जांच एजेंसी अब इन दस्तावेजों का मिलान उपलब्ध रिकॉर्ड से कर रही है।

आयोग के सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में

सीआईडी अब पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते, परीक्षा उपनियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, टीडीपीएल के निदेशक एवं कर्मचारी अभय तिवारी से मिली जानकारी के आधार पर आयोग के कुछ सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। यदि पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया जा सकता है।

टीडीपीएल कार्यालय से मिली थीं ओएमआर शीट

इससे पहले सीआईडी ने जेपीएससी कार्यालय के साथ-साथ परीक्षा संचालन से जुड़ी निजी एजेंसी टीडीपीएल के कार्यालय में भी छापेमारी की थी। जांच के दौरान वहां से कई ओएमआर शीट बरामद हुई थीं। यही दस्तावेज अब जांच का महत्वपूर्ण आधार बने हुए हैं।

3 अगस्त को फिर होगी पूछताछ

सीआईडी अब संबंधित व्यक्तियों के बयानों का आपस में मिलान कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इसी क्रम में पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को एक बार फिर 3 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अब तक उनसे तीन बार पूछताछ की जा चुकी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version