रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग  ने सहायक वन संरक्षक भर्ती परीक्षा 2026 की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने कुल 78 पदों के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा में 368 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। अब ये सभी अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण शारीरिक परीक्षण में शामिल होंगे।

28 और 29 जुलाई को होगा शारीरिक परीक्षण

आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण 28 और 29 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। शारीरिक परीक्षण में सफल होने वाले उम्मीदवारों को साक्षात्कार और चिकित्सा जांच के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद आयोग अंतिम चयन सूची जारी करेगा।

अप्रैल 2026 में आयोजित हुई थी मुख्य परीक्षा

सहायक वन संरक्षक की मुख्य परीक्षा 4 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थी। इसमें प्रारंभिक परीक्षा में सफल 1,110 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।

इससे पहले प्रारंभिक परीक्षा 13 जुलाई 2025 को राज्यभर के 34 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 16 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने 25 जुलाई 2025 को मॉडल उत्तर जारी किया था। इसके बाद अभ्यर्थियों की आपत्तियों के आधार पर 26 अगस्त, 13 अक्टूबर, 12 नवंबर और 25 नवंबर 2025 को संशोधित मॉडल उत्तर प्रकाशित किए गए। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 9 दिसंबर 2025 को घोषित किया गया था।

78 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 78 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 32 पद अनारक्षित, 8 पद अनुसूचित जाति, 20 पद अनुसूचित जनजाति, 6 पद पिछड़ा वर्ग-1, 5 पद पिछड़ा वर्ग-2 तथा 7 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version