दुमका: झारखंड के दुमका जिले के महुआडंगाल इलाके में शनिवार सुबह वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन के पूर्व निजी सचिव विवेक राउत के आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में गहमागहमी का माहौल रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, छापेमारी का नेतृत्व एक प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी ने किया। संयुक्त टीम में 20 से 25 वनरक्षी, महिला पुलिसकर्मी तथा नगर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस शामिल थी। टीम ने घर को चारों ओर से घेरने के बाद सघन तलाशी अभियान शुरू किया, जो कई घंटों तक चला।
घर के विभिन्न हिस्सों की ली गई तलाशी
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने आवास के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान क्या बरामद हुआ या कार्रवाई किस मामले में की गई, इस संबंध में किसी अधिकारी ने आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की।
स्थानीय लोगों ने मांगा लिखित प्रमाण
तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से लिखित रूप में यह प्रमाणित करने की मांग की कि जांच के दौरान घर से कोई आपत्तिजनक या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई है। इस मांग पर भी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की।
कार्रवाई के कारणों पर बना हुआ है रहस्य
वन विभाग और पुलिस की ओर से अब तक छापेमारी के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। विभाग की चुप्पी के कारण इलाके में कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
