रांची: झारखंड में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
दो दिन और जारी रहेगा लू का असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज और कल राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। खासकर उत्तर-पूर्वी जिलों में लू का प्रभाव अधिक देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
26 से 28 अप्रैल के बीच बदलेगा मौसम
पूर्वानुमान के मुताबिक 26, 27 और 28 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की बारिश, बूंदाबांदी तथा मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। इससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज में लू का प्रभाव बना रहेगा। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
26-27 अप्रैल को आंधी और ओलावृष्टि का खतरा
26 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़ और गुमला समेत कई जिलों में मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो 27 अप्रैल तक प्रभावी रह सकता है।
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा। चाईबासा में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

