रांची: झारखंड में मौसम इन दिनों पूरी तरह से अनिश्चित बना हुआ है। अप्रैल की शुरुआत में ही राज्य के कई हिस्सों में मई जैसी भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और तापमान बढ़ने के साथ अचानक बदलाव की संभावना जताई है।
तापमान में तेजी, कई जिलों में 40 डिग्री पार की संभावना
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सरायकेला-खरसावां में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के लिए काफी अधिक है। वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसके चलते दक्षिणी और उत्तरी झारखंड के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
विशेष रूप से पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, कोडरमा, देवघर, साहिबगंज और गोड्डा जिलों में दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे लू जैसी स्थिति बन सकती है।
48 घंटे बाद बदलेगा मौसम, बारिश और वज्रपात के आसार
हालांकि फिलहाल किसी तरह का तत्काल अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के भीतर मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत दिए हैं।
कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश होने और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं। इसके चलते तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
लोगों के लिए सावधानी
तेज गर्मी और संभावित वज्रपात को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।
