रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में कुछ ही घंटों के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

दिन में गर्मी, शाम को आंधी-बारिश

सुबह के समय आंशिक बादल छाए रहते हैं, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं। वहीं शाम के समय अचानक तेज हवा, धूल भरी आंधी, वज्रपात और बारिश का दौर शुरू हो जाता है।

राजधानी रांची सहित कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान शाम करीब 4 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आज भी कई जिलों में बारिश और वज्रपात की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, आज भी राज्य के कई जिलों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, कोडरमा, हजारीबाग और बोकारो जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इन इलाकों में तेज हवा के साथ वज्रपात की भी प्रबल आशंका जताई गई है। अनुमान है कि शाम 4:30 बजे के बाद मौसम एक बार फिर बदल सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटों के दौरान येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी, तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत

हालिया बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा है। जहां पहले न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं अब यह गिरकर 20 से 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

कोडरमा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और खूंटी जैसे जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि दिन के समय तेज धूप अभी भी जारी है, जिससे गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version