रांची : झारखंड में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात हुआ। दोपहर बाद करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।

आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित

तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हुआ। हवाई सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा। रांची के बरियातू स्थित भरम टोली में वज्रपात की चपेट में आने से कन्हाई लाल नामक युवक की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।

बिजली व्यवस्था पर असर

राजधानी के कई इलाकों में पेड़ गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण देर रात तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों को गर्मी और अंधेरे दोनों का सामना करना पड़ा।

तापमान में भारी गिरावट

मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 7.9 डिग्री गिरकर 30.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री की कमी के साथ 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार के लिए रांची समेत राज्य के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। 1 से 4 मई के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है।

सतर्क रहने की अपील

अचानक बदले मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं तेज आंधी और वज्रपात से नुकसान भी हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version