रांची/बोकारो: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोकारो जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 12,840 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
नकल रोकने के लिए सख्त व्यवस्था
परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ये उपकरण पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्रिस्किंग की विशेष व्यवस्था
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन जांच की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग फ्रिस्किंग जोन बनाए गए हैं, जहां पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की जांच अलग-अलग की जाएगी।
समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंचें, ताकि जांच और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें।
गाइडलाइन का पालन जरूरी
आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें।

