रांची/नई दिल्ली: नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन गुरुवार को भी झारखंड पवेलियन में देश-विदेश से आए आगंतुकों, खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों की भारी भीड़ देखने को मिली। झारखंड के हस्तशिल्प, हथकरघा और बांस आधारित नवाचारों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इनमें बांस से निर्मित स्टेनलेस स्टील की बोतल और मग सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बने रहे।

बांस से बने उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित अनजनेया बांस क्लस्टर द्वारा तैयार किए गए बांस और स्टेनलेस स्टील से निर्मित बोतल तथा मग को आगंतुकों ने खूब सराहा। आधुनिक तकनीक और पारंपरिक बांस शिल्प के संयोजन से तैयार ये उत्पाद पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

बांस और स्टेनलेस स्टील से बनी बोतल गर्म और ठंडे पेय का तापमान 12 से 14 घंटे तक बनाए रखने में सक्षम है। वहीं बांस, स्टेनलेस स्टील और फूड ग्रेड प्लास्टिक के ढक्कन से तैयार मग 3 से 4 घंटे तक पेय का तापमान सुरक्षित रखता है।

‘लोकल टू ग्लोबल’ की सोच को मिल रहा नया मंच

भारत टेक्स 2026 जैसे वैश्विक आयोजन के माध्यम से झारखंड अपने ‘लोकल टू ग्लोबल’ अभियान को नई गति दे रहा है। राज्य के तसर सिल्क, जीआई टैग उत्पाद, हस्तकरघा, हस्तशिल्प और बांस आधारित उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। ऐसे आयोजनों से राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), कारीगरों और उद्यमियों को वैश्विक खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

आधुनिक तकनीक से मिल रही नई पहचान

अनजनेया बांस क्लस्टर पारंपरिक बांस शिल्प को आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक तकनीकों के साथ नई पहचान दे रहा है। यहां सजावटी उत्पाद, फर्नीचर और लाइफस्टाइल उत्पादों के निर्माण के साथ लेजर कटिंग, लेजर एनग्रेविंग, सीएनसी राउटिंग और कस्टमाइज्ड डिजाइन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।

निर्यात और निवेश की नई संभावनाएं

भारत टेक्स 2026 में 130 से अधिक देशों के 6,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक हिस्सा ले रहे हैं। इससे झारखंड के कारीगरों, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने, निर्यात बढ़ाने और नए निवेश आकर्षित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version