रांची : झारखंड सरकार करम पर्व से पहले राज्य की लाखों महिलाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है। मंईयां सम्मान योजना के तहत 13वीं किस्त की राशि सीधे लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। प्रत्येक महिला को 2500 रुपये की किस्त मिलेगी।
झारखंड की महिलाओं को करम से पहले मिलेगा लाभ
सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से सभी जिलों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, 31 अगस्त से भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी और अगले 2 से 3 दिनों में राशि महिलाओं के बैंक खातों तक पहुंच जाएगी।
मंईयां योजना से 50 लाख से अधिक महिलाओं को फायदा
आंकड़ों के मुताबिक, इस बार लगभग 50 लाख से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। इससे पहले जुलाई महीने में रक्षाबंधन के अवसर पर भी किस्त जारी की गई थी, जिसमें लगभग 50 लाख 30 हजार महिलाओं को सीधा फायदा मिला था। सरकार का कहना है कि त्योहारों के समय महिलाओं को किसी तरह की आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए यह राशि दी जा रही है।
त्योहारों पर लगातार मिल रहा तोहफा
झारखंड सरकार समय-समय पर त्योहारों से पहले मंईयां योजना की राशि जारी कर रही है। जुलाई में रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के खाते में पैसे भेजे गए थे और अब करम पर्व से पहले 13वीं किस्त जारी की जा रही है।