Ramgarh : भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिके के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां से आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत और सक्षम हाथों में है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत की ओर बुरी नजर रखने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल, एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी गुरुवार शाम दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे थे। दौरे के क्रम में उन्होंने रजरप्पा मंदिर पहुंचकर मां छिन्नमस्तिके के चरणों में शीश झुकाया। उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर में जो आत्मिक शांति और सुकून मिलता है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने यह भी कहा कि मां की कृपा रही तो वे दोबारा यहां आएंगे।

देश की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की भौगोलिक संरचना का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा जल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। ऐसे में भारतीय नौसेना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां-जहां भारतीय नौसेना तैनात है, वहां पूरी सतर्कता और मजबूती के साथ निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि भारत हर प्रकार की चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और नौसेना देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में पूरी क्षमता से जुटी हुई है। साथ ही उन्होंने मां छिन्नमस्तिके से देश के जवानों के लिए साहस, संयम और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version