Ranchi News: झारखंड को सड़क और परिवहन के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य के लिए कई हाईवे और सड़क परियोजनाओं की घोषणा की है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद झारखंड में यातायात सुविधा, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
महगामा से एकचारी तक फोर लेन सड़क
केंद्रीय मंत्री द्वारा घोषित योजनाओं में महगामा से एकचारी तक फोर लेन सड़क निर्माण शामिल है। करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क उत्तर और पूर्वी क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
देवघर से हंसडिहा और मधुपुर तक नई सड़क परियोजनाएं
झारखंड के धार्मिक और पर्यटन स्थल देवघर को भी बड़ी सौगात मिली है।
- देवघर से हंसडिहा तक चार लेन सड़क, जिसकी लागत लगभग 1700 करोड़ रुपये होगी।
- देवघर से मधुपुर तक फोर लेन सड़क और बाईपास, जिस पर करीब 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन परियोजनाओं से न केवल यात्रा समय में कमी आएगी बल्कि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
क्षेत्रीय संपर्क में होगा सुधार
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने झारखंड में कई नए नेशनल हाइवे (NH) बनाने की भी घोषणा की है। इनमें शामिल हैं:
- मधुपुर से जामताड़ा भाया मरगोमुंडा
- बाराहाट से कहलगां तक नया हाईवे
- गोड्डा से ढाकामोड़ एनएच
इन राष्ट्रीय राजमार्गों से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आसपास के जिलों में औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
धार्मिक और पर्यटन को बढ़ावा
सड़क परियोजनाओं के साथ-साथ झारखंड में नदी तटों का विकास (Riverfront Development) भी किया जाएगा।
- गोड्डा के लिए कझिया रिवर फ्रंट
- देवघर में ढ़डवा रिवर फ्रंट
इन योजनाओं से धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
रोजगार और विकास को मिलेगी नई दिशा
विशेषज्ञों के अनुसार, इन हाईवे प्रोजेक्ट्स और सड़क निर्माण योजनाओं से झारखंड में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बेहतर सड़क नेटवर्क से माल परिवहन तेज होगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand News: बाबूलाल ने शराब घोटाले को लेकर सीएम पर साधा निशाना, कहा- ये डील बहुत बड़ी है