रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से पांच नियमित उड़ानों के अस्थायी रूप से बंद होने पर झारखंड चैंबर ने नाराजगी जताई है। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य में हवाई यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में उड़ानों की संख्या कम करने के बजाय बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक हवाई सेवाएं मिल सकें।

नई सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग

चैंबर ने रांची से जयपुर, गोवा, सूरत, रायपुर, बागडोगरा-गुवाहाटी तथा वाराणसी-अमृतसर के लिए सीधी विमान सेवाएं शुरू करने की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि इन शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने से व्यापार, पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।

देवघर एयरपोर्ट से भी नई उड़ानों की मांग

झारखंड चैंबर ने देवघर एयरपोर्ट से चेन्नई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इन शहरों से बेहतर हवाई संपर्क स्थापित होने से राज्य के यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिलेगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भी उठी मांग

चैंबर ने रांची-भुवनेश्वर विमान सेवा को फिर से शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि अंतिम समय में उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों के प्रति एयरलाइंस की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

इसके साथ ही रांची से दुबई और बैंकॉक के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की भी मांग की गई है। चैंबर का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क से झारखंड के उद्योग, व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version