रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में झारखंड कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। दोपहर तीन बजे शुरू हुई इस बैठक में कुल 49 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य, पथ निर्माण, खनन, वन तथा जल संसाधन विभाग समेत कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी।

गंभीर बीमारियों से पीड़ित विद्यार्थियों को बड़ी राहत

कैबिनेट ने सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया, टाइप-1 डायबिटीज, गैर-संचारी रोगों से प्रभावित तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अनिवार्य 75 प्रतिशत उपस्थिति की शर्त में छूट देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस निर्णय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने में सुविधा मिलेगी।

गिरिडीह के जमुआ में बनेगा नया डिग्री कॉलेज

उच्च शिक्षा के विस्तार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट ने गिरिडीह जिले के जमुआ में नए डिग्री महाविद्यालय के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। इस परियोजना पर लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है।

रामगढ़ के मांडू में भी खुलेगा डिग्री कॉलेज

कैबिनेट ने रामगढ़ जिले के मांडू विधानसभा क्षेत्र में मांडू डिग्री महाविद्यालय के निर्माण के लिए 40 करोड़ 14 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की। नए महाविद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

सरकार का कहना है कि इन फैसलों से शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version