झारखंड में आतंकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। एटीएस ने राज्य में 61 ऐसे संदिग्धों और आरोपियों की पहचान की है, जिनका नाम कथित रूप से आईएसआईएस और अलकायदा से जुड़े मामलों में सामने आया है। इनमें 12 लोगों का संबंध आईएसआईएस और 49 लोगों का संबंध अलकायदा से बताया गया है।

एटीएस ने इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अभियान), पुलिस महानिदेशक (अभियान) तथा राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

संयुक्त राष्ट्र के फैसले के बाद बढ़ी निगरानी

एटीएस के पत्र के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने 3 अप्रैल 2026 को राज्यों को पत्र भेजकर जानकारी दी थी कि 26 मार्च 2026 को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आईएसआईएस और अलकायदा से जुड़े व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक प्रावधान लागू करने का निर्णय लिया है।

इन प्रावधानों के तहत संबंधित व्यक्तियों की संपत्ति जब्त करने, यात्रा पर प्रतिबंध लगाने तथा हथियारों से संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने जैसे कदम शामिल हैं।

वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों की भी होगी जांच

सूत्रों के अनुसार, एटीएस द्वारा चिन्हित संदिग्धों की वित्तीय गतिविधियों, बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच की जा सकती है। जिला पुलिस को इन व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एटीएस का कहना है कि यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने और आतंकवाद से जुड़े मामलों में सतर्कता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

नोट: एटीएस द्वारा चिन्हित व्यक्तियों के नाम सुरक्षा एजेंसियों की सूची में संदिग्ध या संबंधित मामलों के आधार पर शामिल किए गए हैं। किसी व्यक्ति का नाम सूची में होना अपने आप में दोष सिद्ध होना नहीं है। किसी भी आपराधिक मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर किया जाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version