रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए 35 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि उनके भाई बसंत सोरेन दुमका से मैदान में होंगे। झामुमो ने अपनी ताकत दिखाते हुए 22 मौजूदा विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है और उन्हें टिकट दिया है।

हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन की मुख्य भूमिका

इस बार के चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट से चुनाव लड़ेंगे, जो उनका पारंपरिक गढ़ रहा है। वहीं, दुमका से बसंत सोरेन अपनी किस्मत आजमाएंगे। यह फैसला झामुमो की चुनावी रणनीति को और मजबूत करता है, क्योंकि दोनों ही नेता पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं।

सीटिंग विधायकों पर फिर से भरोसा, कुछ नए नाम भी शामिल

झामुमो ने 22 मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट दिया है, लेकिन इस बार कुछ नए चेहरे भी शामिल किए गए हैं। लिट्टीपाड़ा के विधायक दिनेश विलियम मरांडी का टिकट काटकर हेमलाल मुर्मू को मौका दिया गया है।

मंगलवार को झामुमो में शामिल हुए चुन्ना सिंह को सारठ से टिकट मिला है। बहरागोडा से समीर मोहंती को फिर से टिकट मिला है, जबकि इस सीट पर पहले भाजपा छोड़कर आए कुणाल षाडंगी की उम्मीदवारी की चर्चा थी।

आजसू और भाजपा छोड़कर आए नेताओं को मिला टिकट

भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल हुए विधायक केदार हाजरा को जमुआ सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, आजसू पार्टी छोड़कर झामुमो में आए उमाकांत रजक चंदनकियारी सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहाँ उनका मुकाबला नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी से होगा।

दुमका की पूर्व विधायक लुईस मरांडी को लेकर असमंजस

झामुमो की इस पहली सूची में दुमका की पूर्व विधायक और भाजपा की वरिष्ठ नेता लुईस मरांडी का नाम नहीं है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। उम्मीद की जा रही है कि आगे की सूची में उन्हें रांची या जामा से टिकट दिया जा सकता है।

कुछ और सीटों पर होंगे उम्मीदवारों की घोषणा

सूत्रों के मुताबिक, झामुमो अभी कुछ और सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर सकता है। इनमें रांची, सरायकेला और जामा प्रमुख हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि रांची से सांसद महुआ माजी को टिकट मिल सकता है जबकि जामा से लुईस मरांडी मैदान में उतर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें

गिरिडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं का झामुमो में शामिल होना

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version