जमशेदपुर: शहर के मानगो इलाके में एक ज्वेलरी दुकान से करीब 23 लाख रुपये के सोने के गहनों की चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 1 स्थित विश्वनाथ ज्वेलर्स में मंगलवार दोपहर को हुई।

गहने देखने के बहाने दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और गहने देखने लगा। इसी दौरान उसने दुकानदार के बेटे को बातचीत में उलझा लिया और मौका मिलते ही गहनों से भरा एक डिब्बा लेकर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि चोरी हुए डिब्बे में लगभग 170 ग्राम सोने के गहने थे, जिनकी कीमत करीब 23 लाख रुपये आंकी गई है।

पहले भी कर चुका था रेकी

दुकान मालिक विश्वनाथ के मुताबिक, आरोपी युवक एक दिन पहले भी दुकान पर आया था। उस दौरान उसने तावीज और लॉकेट देखने के बहाने दुकान की रेकी की थी, लेकिन कोई खरीदारी नहीं की थी।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी युवक गहने देखते हुए और फिर मौका पाकर डिब्बा ले जाते हुए साफ नजर आ रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास तेज कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी हुए गहनों की बरामदगी कर ली जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version