हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित महाराजगंज बाजार में देर शाम बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक सोना व्यवसायी की बाइक की डिक्की से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुकान बंद करने के दौरान हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार महाराजगंज निवासी और सोने के व्यवसायी अलखदेव पोद्दार अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ कीमती जेवर अपनी बाइक की डिक्की में रख दिए थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही वह दुकान का शटर बंद कर ताला लगाने में व्यस्त हुए, उसी समय काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और बाइक की डिक्की खोलकर जेवरात लेकर फरार हो गए।

इटखोरी की ओर भागे आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से इटखोरी की दिशा में फरार हो गए। जब तक दुकानदार कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।

दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते पूरा बाजार लोगों की भीड़ से भर गया और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न इलाकों में छापेमारी भी की जा रही है।

व्यापारियों में बढ़ा डर

इस बड़ी चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version